उत्तराखंडबिहाररोजगार

युवाओं को हुनरमंद बनाने में जुटी 2वीं वाहिनी एसएसबी,

Spread the love

न्यूज डेस्क / उत्तराखंड: 26 Nov. 2026,  पट्टन(बारामूला)2वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पट्टन की ओर से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय डिग्री कॉलेज, पट्टन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत एक माह के साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता तथा स्पोकन इंग्लिश एवं व्यक्तित्व विकास पाठ्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इसके साथ ही एक माह के बेसिक कंप्यूटर कोर्स और वित्तीय साक्षरता कार्यशाला की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसबी श्रीनगर के डीआईजी (विशेष अभियान) इम्तियाज इस्माइल पर्रे, आईपीएस उपस्थित रहे। दूसरी वाहिनी के कमांडेंट मनोज कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं के लिए तकनीकी ज्ञान, डिजिटल जागरूकता और कौशल आधारित शिक्षा बेहद जरूरी है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने जीवन और भविष्य के कार्यक्षेत्र में करने की अपील की।

कार्यक्रम में कुल 115 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता तथा स्पोकन इंग्लिश एवं व्यक्तित्व विकास पाठ्यक्रम में 25-25 विद्यार्थी शामिल थे, जबकि बेसिक कंप्यूटर कोर्स के लिए 40 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया। मुख्य अतिथि ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों के बीच प्रमाणपत्र वितरित किए और उनके उत्साह एवं समर्पण की सराहना की।

कमांडेंट मनोज कुमार सिंह ने प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आज के समय में साइबर सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता और तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। युवाओं को साइबर अपराधों से बचने और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक होना चाहिए। उन्होंने व्यक्तित्व विकास, कंप्यूटर शिक्षा और वित्तीय साक्षरता को भी आधुनिक जीवन की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

एसएसबी की यह पहल स्थानीय युवाओं को शिक्षित, कुशल और आत्मनिर्भर बनाने के साथ सुरक्षा बल एवं आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास और बेहतर समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से एसएसबी कश्मीर घाटी के युवाओं के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में निरंतर योगदान दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button