उत्तराखंडदेहरादूनमौसम/आपदा

13 जनपदों की आपदा प्रतिक्रिया तैयारियों, की हुई समीक्षा

Spread the love

उत्तराखंड: 25 Nov. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित उत्तराखंड में सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्य में व्यापक स्तर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के क्रम में बुधवार को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन दिवस के शुभारंभ हो गया है। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने की।

अभ्यास के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिस्थितियां दी गईं
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा की स्थिति में हमारी प्रतिक्रिया व्यवस्था कितनी तत्पर और प्रभावी है, इसका आकलन करना है।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन श्री प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी श्री राजकुमार नेगी, श्रीमती जया बलूनी, राजीव बलूनी डिप्टी कमांडेंट जनरल, श्री एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों एवं जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।

28 नवंबर को होगी राज्यव्यापी मॉक ड्रिल

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल राज्य स्तर से लेकर तहसील एवं स्थानीय स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित होगी तथा लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा।

राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का भी होगा परीक्षण

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना एवं संचालन का भी अभ्यास किया जाएगा। राहत शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार तथा गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया जाएगा।

समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर

सचिव श्री सुमन ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय समुदाय सबसे पहली प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है। इसलिए इस बार की मॉक ड्रिल में समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों का प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों द्वारा आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों तथा आपदा प्रतिक्रिया वाहनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी

सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में भी होंगे कार्यक्रम

आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्य के सरकारी कार्यालयों में भी आपदा सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है। विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

सिल्क्यारा की सीख को तैयारी में बदलने का प्रयास
श्री सुमन ने कहा कि 28 नवंबर केवल सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को स्मरण करने का दिन नहीं है, बल्कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और उन्हें और मजबूत करने का अवसर भी है। सिल्क्यारा अभियान ने यह स्पष्ट किया कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी यदि सभी एजेंसियां एक साझा उद्देश्य के साथ कार्य करें, तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।  साथ ही आमजन से अपील की कि वे मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और प्रशासन एवं बचाव दलों के साथ सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button