उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

कांग्रेस का वादा- सरकार बनी तो हर महीने महिलाओं को मिलेगी सम्मान राशि

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भाजपा सरकार की ओर से घोषित दीदी-वैणी योजना को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। बुधवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने योजना को चुनावी लाभ लेने की कोशिश करार दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता और लाभार्थियों के चयन पर आपत्ति जताई।

गणेश गोदियाल बोले- महिलाओं के सम्मान के नाम पर चुनावी दांव

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार विधानसभा चुनाव को देखते हुए महिलाओं के खातों में पहले 10-10 हजार रुपये और चुनाव के बाद फिर 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की वास्तविक पहल नहीं, बल्कि सत्ता में वापसी के लिए उठाया गया कदम है।

गोदियाल ने कहा कि प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी की ओर से दीदी-वैणी योजना को चुनाव में गेम चेंजर बताना सरकार की सोच को उजागर करता है। जब सरकार के मंत्री ही किसी योजना को चुनाव का गेम चेंजर बता रहे हैं तो इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा की प्राथमिकता महिला कल्याण से अधिक चुनावी जीत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले एक साल से आशंका जता रही थी कि भाजपा चुनाव से ठीक पहले महिलाओं को नकद धनराशि देने की योजना घोषित कर सकती है। अब सरकार की घोषणा से कांग्रेस की आशंका सही साबित होती दिखाई दे रही है। गोदियाल ने कहा कि सरकार वास्तव में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना चाहती तो पांच साल तक हर महीने उनके खातों में सम्मान राशि भेजती। चुनाव नजदीक आते ही महिलाओं की याद आना सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है।

हरीश रावत ने पूछा- बाकी महिलाओं को योजना से क्यों रखा बाहर?

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दीदी-वैणी योजना के लाभार्थियों की संख्या को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना के लिए केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन किया है, जबकि प्रदेश में करीब 43 लाख 7 हजार बालिग महिलाएं हैं। इनमें लगभग 19 लाख 7 हजार 974 महिलाओं के बैंक खाते खुले हुए हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश की बाकी महिलाओं को इस योजना से क्यों वंचित रखा जा रहा है? यदि योजना महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा के लिए है तो इसका लाभ सभी पात्र महिलाओं को मिलना चाहिए।

हरीश रावत ने सरकार से मांग की कि चुनाव के बाद दी जाने वाली 10 हजार रुपये की दूसरी किस्त भी दिसंबर महीने में ही महिलाओं के खातों में भेजी जाए। इसके साथ ही योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को इसका लाभ दिया जाए।

प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी मामले को लेकर भी घेरा

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा पर महिला सम्मान को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा दीदी-वैणी योजना के जरिए महिलाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने का प्रयास कर रही है, वहीं भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।

प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा अब तक मामले में कथित वीआईपी का नाम उजागर करने से बचती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में हार की आशंका के चलते भाजपा जनता के टैक्स के पैसे से चुनावी लाभ लेने और महिलाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस सरकार बनने पर हर महीने महिला सम्मान राशि देने का वादा

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी घोषणाओं या एकमुश्त आर्थिक सहायता से सुनिश्चित नहीं किया जा सकता। इसके लिए स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने के लिए ठोस व्यवस्था की जाएगी। साथ ही प्रदेश की सभी महिलाओं को हर महीने महिला सम्मान राशि दी जाएगी, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें और सम्मान के साथ जीवनयापन कर सकें।

ये नेता रहे मौजूद

संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रदेश मीडिया कमेटी की राष्ट्रीय समन्वयक पंखुड़ी पाठक और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button