50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन, स्थापना दिवस पर श्रद्धालुओं का रेला

उत्तराखंड: 15 JUNE 2026, सोमवार को देहरादून। उत्तराखंड (कुमाऊँ) में नैनीताल के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को 15 जून बाबा नीम करौली महाराज का 64 वां स्थापना दिवस बेहद धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया । आज 15 जून स्थापना दिवस पर सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर मालपुए का प्रसाद ग्रहण कर चुके थे । कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिला। श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है और भवाली की ओर लंबी कतारें लगी हुई हैं।
भक्त बाबा के जयकारों और श्रीराम नाम के उद्घोष के साथ अनुशासित रूप से दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। जानकारी के मुताबिक दोपहर तक ही 50 हजार से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं.पना दिवस का शुभारंभ तड़के पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को मालपुए का भोग लगाने के साथ हुआ, जिसके बाद विधिवत दर्शन प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
रातभर से कतार में खड़े श्रद्धालुओं को बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है और मालपुए का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिसमें पहली बार ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। वही , श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। भीमताल, भवाली, नैनीताल, हल्द्वानी, काठगोदाम और अन्य मार्गों से शटल सेवाएं चलाई जा रही हैं। निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर आगे शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है, जबकि विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था से यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।
.इस भव्य आयोजन को देखते हुए नैनीताल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल, एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। तीन जिलों के एसएसपी और एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। लगभग 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री कर्मी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं।सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA सिस्टम) के माध्यम से लगातार दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। पूरे आयोजन का माहौल आस्था, अनुशासन और व्यवस्था का अद्भुत संगम बन गया है,कैंची धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित कराए जा सकें।



