
उत्तराखंड: 10-Oct. 2026, देहरादूनउत्तराखंड: 10-Oct. 2026, देहरादून उत्तराखण्ड सरकार के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने प्रदेश के कई जनपदों में 9 अक्टूबर, 2026 को हुई भारी बारिश एवं ओलावृष्टि से किसानों की फसलों, जनधन तथा परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन को पत्र जारी कर क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराने तथा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को समय पर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उत्तराखण्ड सरकार के मंत्री श्री कौशिक ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान के साथ-साथ जन-धन, पशुधन, आवासीय भवनों तथा अन्य परिसंपत्तियों को हुई क्षति का भी समुचित आकलन कराया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से तत्काल स्थलीय सर्वेक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान के आधार पर प्रभावितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि माननीय आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारियों से कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का आकलन करते समय कृषि फसलों के नुकसान के साथ-साथ जन-धन, पशुधन, आवासीय भवनों एवं अन्य परिसंपत्तियों को हुई क्षति का भी विवरण संकलित किया जाए।



