क्राइमदेश-विदेश

FBI की टॉप-10 सूची में गोल्डी बराड़, कनाडा में भी तलाश

Spread the love

 

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। भारत में कई आपराधिक मामलों में वांछित गोल्डी अब अमेरिका और कनाडा की जांच एजेंसियों के निशाने पर है। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने उसे अपने 10 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। वहीं, कनाडा ने भी उसे देश के 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में पहले स्थान पर रखा है। दोनों देशों ने उसकी गिरफ्तारी और ठिकाने की जानकारी देने वालों के लिए करोड़ों रुपये के इनाम का ऐलान किया है। अकेले अमेरिका ने गोल्डी बराड़ पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 9.26 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया है।

एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में 543वां भगोड़ा

एफबीआई ने 28 सितंबर 2026 को सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। इस सूची में जगह पाने वाला वह 543वां भगोड़ा है। अमेरिकी एजेंसी के अनुसार, गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिका में कथित प्रमुख माना जाता है।

एफबीआई का आरोप है कि इस गिरोह का नेटवर्क अमेरिका और कनाडा समेत कई देशों में फैला हुआ है। गिरोह पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली और हमले जैसी गंभीर वारदातों में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी में भी गिरोह की भूमिका बताई गई है। अमेरिकी एजेंसी ने गोल्डी बराड़ को बेहद खतरनाक और हथियारबंद अपराधी करार दिया है।

अमेरिका में गोल्डी बराड़ पर कौन-कौन से आरोप?

अमेरिकी संघीय अदालत में गोल्डी बराड़ के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक आरोप दर्ज हैं। इनमें संगठित अपराध गिरोह चलाने की साजिश, जबरन वसूली के लिए षड्यंत्र और मादक पदार्थों के वितरण की साजिश जैसे आरोप शामिल हैं।

एफबीआई के मुताबिक, सात जुलाई 2026 को ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए थे। इस कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े गिरोह के सदस्य भी शामिल थे।

जांच एजेंसी का कहना है कि बिश्नोई गिरोह का नेटवर्क कई देशों में सक्रिय है। अमेरिका में भी इस गिरोह पर हिंसक गतिविधियों, जबरन वसूली और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।

कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में भी पहले नंबर पर

गोल्डी बराड़ के खिलाफ कनाडा में भी कार्रवाई तेज हो गई है। 19 नवंबर को कनाडा के बोलो प्रोग्राम ने देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की नई सूची जारी की थी। इस सूची में गोल्डी बराड़ को सबसे ऊपर रखा गया है।

कनाडा के विनिपेग पुलिस विभाग ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। यह इनाम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी देने पर मिलेगा। इस इनाम की समयसीमा दो नवंबर 2027 तक निर्धारित की गई है।

सुखा दुनेके हत्याकांड में कनाडा को तलाश

विनिपेग पुलिस को गोल्डी बराड़ की तलाश 20 सितंबर 2023 को हुए सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके हत्याकांड के सिलसिले में है। पुलिस के अनुसार, विनिपेग के हेजलटन ड्राइव इलाके में हुई गोलीबारी में 39 वर्षीय सुखदूल सिंह की मौत हो गई थी।

इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। दोनों पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं।

कनाडा ने बिश्नोई गिरोह को घोषित किया आतंकवादी संगठन

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के खिलाफ कनाडा सरकार भी सख्त रुख अपना चुकी है। सितंबर 2025 में कनाडा ने इस गिरोह को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया था। कनाडाई अधिकारियों का आरोप है कि गिरोह भारतीय मूल के लोगों सहित विभिन्न समुदायों को निशाना बनाकर हिंसा, धमकी और जबरन वसूली के जरिए भय का माहौल पैदा करता है।

गोल्डी बराड़ पर भारत में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब अमेरिका की एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची और कनाडा की शीर्ष वांछित सूची में उसका नाम शामिल होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश तेज हो गई है। दोनों देशों की ओर से घोषित भारी-भरकम इनाम से साफ है कि जांच एजेंसियां उसे पकड़ने के लिए लगातार दबाव बढ़ा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button