उत्तराखंडत्योहार/दिवसदेहरादून

इगास पर्व पर सीएम आवास में दिखी पहाड़ की संस्कृति की झलक

Spread the love

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं पूरे उत्साह के साथ इगास पर्व मनाया तथा पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विभिन्न विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक लोकनृत्यों, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ दिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और उल्लासपूर्ण वातावरण ने इगास पर्व के पारंपरिक स्वरूप को जीवंत कर दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और अपने पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। उत्तराखण्ड के लोकपर्व केवल उत्सव मनाने के अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति अत्यंत समृद्ध और विविधतापूर्ण है। यहां के लोकपर्व, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और रीति-रिवाज हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इगास पर्व भी इसी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भैलो खेलने की परंपरा, सामूहिक रूप से लोकगीत गाना और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से खुशियां बांटना हमारी लोक संस्कृति की जीवंतता को दर्शाता है। इन परंपराओं में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सामूहिकता का भाव भी निहित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, पारंपरिक मेलों, लोकभाषाओं और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। हमारी सांस्कृतिक धरोहर हमारी अमूल्य पूंजी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान, सामूहिकता, परिश्रम, सद्भाव और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण जैसे मूल्य समाहित हैं। इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए हमें अपनी सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इगास सहित सभी पारंपरिक लोकपर्वों को पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाएं। इन अवसरों पर स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करें तथा अपनी संस्कृति को केवल उत्सव का हिस्सा न बनाकर अपनी जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संस्कृति को जानना, अपनी परंपराओं को जीना और अपनी विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना ही अपनी जड़ों के प्रति सच्चा सम्मान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button