
उत्तराखंड: 19 AUG. 2026, देहरादून स्थित विकासखंड रायपुर में एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा संचालित ^^Waste No More in Dehradun परियोजना के तहत 16 ग्राम पंचायतों में पर्यावरण सखी मॉडल के माध्यम से कचरा प्रबंधन का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान पर्यावरण सखियों द्वारा पहले से ही ई-लोडर के माध्यम से घर-घर जाकर सूखे कचरे का संग्रहण किया जा रहा है। इसी व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से खंड विकास कार्यालय, रायपुर में पर्यावरण सखियों को कचरा संग्रहण वाहन सौंपा गया। इस वाहन से घर-घर कचरा संग्रहण तथा एकत्रित कचरे के सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। इससे पर्यावरण सखियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ अधिक घरों तक नियमित कचरा संग्रहण सेवा पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख सरोजनी ज्वाड़ी, एबीडीओ मोहन लाल रतूड़ी, ग्राम प्रधान धनौला सोनिया थापा एवं स्वजल सामुदायिक विशेषज्ञ मंजू जोशी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण सखियों के कार्य की सराहना करते हुए नए कचरा संग्रहण वाहन को गांवों की स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



