उत्तराखंडदेहरादूनसामाजिक

FDA की कार्रवाई तेज: दूध, केक और रसगुल्ले मिठाई की दुकानों से लिए सैंपल-

Spread the love

उत्तराखंड: 29 Oct. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभाग की टीमें मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में देहरादून के रीठा मंडी और बलबीर रोड क्षेत्र में विभिन्न स्वीट्स शॉप का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता के साथ ही उनके निर्माण और अवसान तिथि की जानकारी भी जांची गई।

मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि लिखना अनिवार्य

आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडेय ने निर्देश दिए हैं कि मिठाई और बेकरी उत्पादों की ट्रे पर निर्माण तिथि तथा अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपयोग की अवधि के संबंध में सही जानकारी मिल सके। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने और मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।

इन्हीं निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर निगम क्षेत्र देहरादून, रमेश सिंह ने रीठा मंडी और बलबीर रोड स्थित विभिन्न मिठाई की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि लिखे जाने की स्थिति की जांच की गई। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर दूध, केक और रसगुल्ले के कुल तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

विभाग ने सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य केवल मिलावट के मामलों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए भी जागरूक करना है।

डोईवाला और ऋषिकेश में भी कार्रवाई, मिलावटी खाद्य पदार्थों पर वाद की तैयारी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्व में लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून, मनीष सयाना ने बताया कि डोईवाला स्थित एक स्वीट्स शॉप से लिए गए मिल्क केक और रसगुल्ले के नमूने जांच में अधोमानक पाए गए हैं। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश स्थित मोदीयोगा रिट्रीट से लिए गए पैक्ड फुल क्रीम दूध का नमूना भी अधोमानक पाया गया है। इन मामलों में संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत धारा 46(4) के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। विभागीय कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों की जवाबदेही तय करना है।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून, मनीष सयाना के अनुसार, खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान मिलावटी या मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रह की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

आयुक्त विनय शंकर पांडेय बोले, मिलावट के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य कारोबारियों के लिए निर्धारित मानकों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मिठाई और बेकरी उत्पादों की ट्रे पर निर्माण तिथि तथा अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके। विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं और संदेह होने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है। आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने स्पष्ट किया कि जांच में खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button