उत्तराखंडदेहरादून

गांधी और शास्त्री के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Spread the love
 उत्तराखंड: 02 Oct. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित  कलेक्ट्रेट परिसर में  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपदभर में श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बापू के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा सहित कलेक्ट्रेट परिसर के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
देहरादून जनपद के  अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर न केवल देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि संपूर्ण मानवता को प्रेम, सद्भाव और नैतिकता का संदेश भी दिया। उनका सादा जीवन और उच्च विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों का अनुसरण कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
देहरादून  अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा को अपना मूल मंत्र बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और उनके जीवन मूल्य सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने स्वच्छता के प्रति गांधीजी की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि बापू स्वच्छ परिवेश और स्वस्थ समाज के पक्षधर थे। उन्होंने लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वर्तमान समय में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए गांधीजी के विचार प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया गया। उनकी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अनुकरणीय बताते हुए उनके प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button