उत्तराखंडहरिद्वार

राष्ट्र भावना को सर्वोपरि रखते हुए जीवन में आगे बढ़ें

उत्तराखण्ड : 13 सितम्बर 2024 ,बहादराबाद । पतंजलि योगपीठ में युवा धर्म संसद के आयोजन शुभारंभ हुआ। युवा धर्म संसद का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राम जन्मभूमि न्यास समिति के महामंत्री चंपत राय और योगगुरु स्वामी रामदेव के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। युवा धर्म संसद के पहले दिन वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वह राष्ट्र भावना को सर्वोपरि रखते हुए जीवन में आगे बढ़ें, बुद्धिजीवी वक्ताओं ने स्वामी विवेकानन्द के शिकागों में दिये गए उद्बोधन के विषय में जानकारी प्रदान की गई। पतंजलि योगपीठ के सभागार में युवा धर्म संसद का आयोजन सेवाज्ञ संस्थानम् के द्वारा किया गया है। शिकागो धर्म सम्मेलन में दिए गए स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक उद्बोधन को लक्ष्य कर आयोजित की जा रही युवा धर्म संसद में देश के 24 राज्यों के युवा भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं के मध्य धर्म और अध्यात्म के वास्तविक स्वरूप और समाज व राष्ट्र के समसामयिक विषयों पर उनके विचारों को परिष्कृत और स्पष्ट करना है।
युवा धर्म संसद के उद्घाटन सत्र में चंपत राय ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म सम्मेलन में दिये गए उनके भाषण के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कैसे उस वक्त स्वामी विवेकानंद ने सनातन संस्कृति का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया था। उन्होंने सहष्णुिता को लेकर स्वामी विवेकानंद द्वारा धर्म सम्मेलन में जो व्याख्या की गई थी, उस संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी को स्वामी विवेकानंद की शक्ति प्राप्त है, बस उसे पहचानने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वो राष्ट्रहित के लिए सदैव अग्रणी भूमिका में बने रहे।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि देश का युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागेदारी सुनिश्चित करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन धर्म को विश्व में पहचान मिल रही है। कई राष्ट्रों के राष्ट्राध्यक्ष सनातन संस्कृति से प्रभावित होकर उसे अपना रहे हैं। सनातन संस्कृति की योग विद्या को पूरी दुनिया अपना रही है। प्रधानमंत्री के 2047 के विकसित भारत के संकल्प को हमें मिलकर कामयाब करना है। आने वाले 25 साल की जिम्मेदारी जिनके कंधों पर है, वह हमारी युवा शक्ति ही है। युवा शक्ति को संगठित होकर राष्ट्रभाव समर्पित होना होगा। आज राष्ट्र को युवा शक्ति की जरूरत है। युवा देश की तरक्की और उन्नति के लिए सही दिशा में काम करे तो वह दिन दूर नहीं जब भारत फिर से विश्वगुरू बन जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश के प्रति जिम्मेदार और कर्तव्यपरायण भी बनना होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि नींव को मजबूत करने के लिए यह युवा धर्म संसद मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने विस्तार से यह भी बताया कि उत्तराखण्ड सरकार युवाओं को कैसे प्रोत्साहन दे रही है, स्टार्टअप को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वह जिस क्षेत्र में भी जाए राष्ट्र भावना को सर्वोपरि रखें। अपने संकल्प में कोई विकल्प न रखें, विकल्प आने पर संकल्प समाप्त हो जाता है और मंजिल दूर हो जाती है। हमें रोजगार देने वाले युवा बनना है, मिलकर प्रयास करना होगा। मनुष्य अनंत शक्ति का भंडार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button