उत्तराखंडपौड़ी गढ़वालमनोरंजन

नारी अबला नहीं, अद्भुत है,नारी शक्ति का अभूतपूर्व संगम ! में उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

उत्तराखंड: 29 Nov. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित उत्तराखंड  कोटद्वार में। कोटद्वार के देवी मंदिर स्थित विजय गार्डन में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण के नेतृत्व में आयोजित भव्य महिला सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नारी – अबला नहीं, अद्भुत है’ में नारी शक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, स्वाभिमान, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक योगदान को एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा। इस अवसर पर कोटद्वार की स्थानीय महिला कलाकारों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में स्थानीय महिला कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। श्रीमती शकुन्तला बुडाकोटी ने ‘मैना घस्यारी’, श्रीमती मीरा बिष्ट ने ‘हौंसिया उल्यार मा’, श्रीमती रंजना गुसाईं ने ‘गीत लगाणा तांदि बल, गीत लगाणा तांदि’, श्रीमती संगीता गढ़वाली ने ‘भैर कि निठुर’ तथा शिवांगी घिडियाल ने ‘टिहरी की रानी’ गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी। सभी कलाकारों ने अपनी सुमधुर गायकी और मनमोहक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, पहाड़ी जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी की जागर प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी पारंपरिक जागर गायकी के माध्यम से उत्तराखंड की लोक आस्था, देवी-देवताओं की महिमा और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत कर दिया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। जागर की पारंपरिक धुनों और लोक संस्कृति से जुड़े भावों ने कार्यक्रम को एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान प्रदान की।

इस आयोजन में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। महिलाओं ने पूरे उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उनके चेहरों पर खुशी, आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति के प्रति गर्व स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। यह आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर बना।

ऋतु खण्डूडी भूषण की इस पहल ने यह संदेश दिया कि महिलाओं को केवल सम्मान और प्रोत्साहन ही नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच भी मिलना चाहिए। नारी परिवार की आधारशिला होने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण की भी महत्वपूर्ण शक्ति है। आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता से नए आयाम स्थापित कर रही हैं।

कार्यक्रम ने यह भी सिद्ध किया कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय महिला कलाकारों को मंच प्रदान करना और लोकगायिका हेमा नेगी करासी की जागर प्रस्तुति के माध्यम से लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करना इस आयोजन की विशेष उपलब्धि रही।

‘नारी अबला नहीं, अद्भुत है’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी के सम्मान, स्वाभिमान, आत्मविश्वास और सामर्थ्य का उद्घोष है। कोटद्वार में उमड़ा यह जनसमूह इस बात का प्रमाण बना कि जब महिलाओं को मंच, सम्मान और अवसर मिलता है, तो उनकी प्रतिभा और ऊर्जा समाज में सकारात्मक बदलाव की नई राह खोलती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button