
उत्तराखंड: 02 Oct. 2026, देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) श्री प्रकाश चन्द्र ने ध्वज फहराया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) श्री प्रकाश चन्द्र ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और आत्मनिर्भरता जैसे मूल्यों का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अपने विचारों और आचरण के माध्यम से यह सिद्ध किया कि दृढ़ संकल्प, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है। उनके जीवन से हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।
संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिनेश कुमार पुनेठा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन एवं योगदान को याद किया।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में यूएलएमएमसी के निदेशक श्री शांतनु सरकार, प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


