देहरादून में दुर्गा पूजा महोत्सव: 16 Oct. को पंडालो में विराजेंगी मां- करनपुर में महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में

उत्तराखंड: 14 Oct. 2026, उत्तराखंड / राजधानी स्थित देहरादून में शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मां दुर्गा के स्वागत के लिए भव्य पंडाल सजाए जा रहे हैं। बंगाली परंपराओं और धार्मिक आस्था से जुड़े इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। वर्ष 2026 में दुर्गा पूजा महोत्सव 16 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर तक चलेगा।
देहरादून के करनपुर स्थित बंगाली लाइब्रेरी पूजा समिति की दुर्गा पूजा ऐतिहासिक और पुरानी परंपराओं में शामिल है। यह समिति एक सदी से अधिक समय से दुर्गा पूजा की परंपरा का निर्वहन कर रही है। यहां पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा की आराधना की जाती है।
वहीं, करनपुर बाजार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में बजरंग सेवा समिति की ओर से 36वें दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति के मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार सोमपाल सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी महोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाएगा। करनपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा के लिए पंडाल सज चुके हैं और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान पंडालों में आकर्षक विद्युत सज्जा, धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जा रही है। विजयादशमी के अवसर पर सिंदूर खेला और प्रतिमा विसर्जन के साथ उत्सव का समापन होगा।
देहरादून में यहां कर सकते हैं मां दुर्गा के दर्शन
शहर में दुर्गा पूजा के प्रमुख आयोजन इन स्थानों पर किए जा रहे हैं—
1. बंगाली लाइब्रेरी पूजा समिति, करनपुर: देहरादून की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा समितियों में शामिल इस आयोजन में पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा की पूजा की जाती है।
2. लक्ष्मी नारायण मंदिर, करनपुर बाजार: बजरंग सेवा समिति की ओर से 36वें दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
3. यंग बॉयज क्लब, पंचायती मंदिर, ओल्ड डालनवाला: यहां चार दशकों से अधिक समय से दुर्गा पूजा की परंपरा निभाई जा रही है।
4. क्लेमेंट टाउन: यहां हर वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर आकर्षक पंडाल और धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।
5. रायपुर रोड एवं नेशविला रोड: इन क्षेत्रों में भी दुर्गा पूजा के अवसर पर आकर्षक पंडाल और विद्युत सज्जा देखने को मिलती है।
6. धर्मपुर डांडा एवं आराघर: इन क्षेत्रों में भी दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित किया जाता है।
7. उत्तरायण कालीबाड़ी मंदिर, मॉडल कॉलोनी: यहां धार्मिक परंपराओं के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव मनाया जाता है।
दुर्गा पूजा 2026 का प्रमुख कार्यक्रम
- 16 अक्टूबर, शुक्रवार — महाषष्ठी: देवी बोधन, आमंत्रण और अधिवास के साथ पूजा की शुरुआत।
- 17 अक्टूबर, शनिवार — महासप्तमी: नवपत्रिका पूजा एवं सप्तमी के धार्मिक अनुष्ठान।
- 18 अक्टूबर, रविवार — महाष्टमी: महाष्टमी पूजा और संधि पूजा।
- 19 अक्टूबर, सोमवार — महानवमी: नवमी पूजा एवं हवन।
- 20 अक्टूबर, मंगलवार — विजयादशमी: सिंदूर खेला और प्रतिमा विसर्जन की परंपरा।
दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर देहरादून का माहौल भक्तिमय होने लगा है। पंडालों की सजावट, मां दुर्गा की प्रतिमाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शहर में बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। श्रद्धालु इन प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर सकते हैं और उत्सव में भाग ले सकते हैं।



