
उत्तराखंड: 24 May 2026, रविवार को देहरादून / राजधानी स्थित देहरादून के जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। इससे पहले मुजफ्फरनगर निवासी शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते राजन को हत्या की सुपारी दी थी और बदले में संपत्ति में हिस्सा देने का वादा किया था। दिनांक 26/05/25 को वादी श्री जतिन कुमार निवासी जीएमएस रोड, देहरादून द्वारा थाना राजपुर पर तहरीर दी गयी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके ममेरे भाई अजय भटेजा के निवास स्थान 58/1 कृष्णा विहार जाखन देहरादून में उनकी हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में मु0अ0स0 101/25, धारा 103 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत उसके अनावरण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर थाना राजपुर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा मोबाइल सर्विलान्स, सीसीटीवी कैमरों व मुखबिर की सहायता से घटना में शामिल अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए दिनांक 19/05/26 को घटना को अंजाम देने वाले मुज्जफरनगर के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया गया था, जिससे पूछताछ में उसके द्वारा मृतक अजय भटेजा के भाई अमित भटेजा के कहने पर दिनांक- 26/05/25 को अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की तकिये से मुँह दबाकर हत्या करना स्वीकार किया गया, जिस पर तत्काल एक टीम को प्रकाश में आये अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु गैर प्रांत रवाना किया गया, जहां टीम द्वारा सुरागरसी/पतारसी करते हुए घटना में फरार चल रहे अभियुक्तो के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर दिनांक 23/05/2026 को घटना में शामिल अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।



