उत्तराखंडदेहरादूनशासन-प्रशासन
डॉ. चौहान ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उत्तराखंड: 07 Sep. 2026, सोमवार को देहरादून / राजधानी स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें दर्ज की गईं। देहरादून जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने ई-ऑफिस, सीएम घोषणा एवं सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा भी की और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का भी प्राथमिकता एवं समयबद्वता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भजन आश्रम भवन संख्या-2 तथा तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के जर्जर होने की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम ऋषिकेश एवं नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही 70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने भूमि धोखाधड़ी का मामला उठाया। रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अतिरिक्त 30.75 लाख रुपये उधार दिए गए, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा धनराशि वापस नहीं की जा रही है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए सीओ रायपुर को निर्देशित किया।
वहीं कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच के निर्देश दिए गए।
साथ ही पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने किराएदार पर उत्पीड़न करने, किराया न देने तथा मकान पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले को कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई।
चकराता क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार एवं गूल की मरम्मत की मांग पर ओसी कलेक्ट्रेट को मौके पर जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान देहरादून जनपद के डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



