उत्तराखंडदेहरादूनशिक्षास्पोर्ट्स

खेल में करियर बनाने का मौका, कक्षा 6 के लिए आवेदन शुरू

Spread the love

उत्तराखंड: 21 April 2026, मंगलवार को देहरादून / राजधानी स्थित आज महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई ने बताया कि इन राज्य वित्तपोषित आवासीय खेल विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक उपकरण तथा अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिल सके। इस संबंध में   उत्तराखंड के स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इससे राज्य के प्रतिभाशाली बालक एवं बालिकाओं को खेल क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।

राज्य के प्रमुख आवासीय खेल विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी एवं आइस स्पोर्ट्स जैसी विविध खेल विधाओं में प्रशिक्षण की व्यवस्था है। इसी प्रकार श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ में एथलेटिक्स, फुटबॉल एवं बॉक्सिंग तथा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत में बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन एवं बॉक्सिंग की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण हेतु निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं अथवा वेबसाइट www.mpscollege.in से ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। दक्षता परीक्षा पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई, 2026 निर्धारित की गई है। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु +91 135-2788142 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

इसके लिये निर्धारित पात्रता मानदण्डों में आवेदक की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्म तिथि 01 जुलाई 2013 से 01 जुलाई 2015 के मध्य) तथा वह उत्तराखंड का मूल/स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, खेल कौशल एवं खेल प्रवीणता के आधार पर किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button