उत्तराखंडटिहरी गढ़वालपर्यटन

टिहरी में पर्यटन को नई ऊंचाई देगा लेक फेस्टिवल

Spread the love
उत्तराखण्ड: 26 Feb. 2026  देहरादून। पुराने टिहरी शहर को अपने आगोश में समाई झील की सैर, गंगा की वेगवान लहरों पर राफ्टिंग, रहस्यमयी खैट पर्वत की यात्रा से लेकर, देवप्रयाग में पौराणिक रघुनाथ मंदिर के दर्शन और संगम तट पर योगाभ्यास। यदि आप किसी एक आयोजन में इन सब गतिविधियों का आनंद लेना चाहते हैं, तो 6 से 9 मार्च के बीच टिहरी लेक फेस्टिवल में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करना ना भूलें।
टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किए जा रहे Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों किया जाना प्रस्तावित है। चार दिन के इस आयोजन के दौरान टिहरी जिले के प्रमुख केंद्रों पर विभिन्न तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के मुताबिक टिहरी लेक फेस्टिवल का उद्देश्य टिहरी जिले को प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाते हुए, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन करना है। उन्होने बताया कि इस दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के साथ ही स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फैशन शो, फोटोग्राफी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

एक लाख रुपए तक पुरस्कार जीतने का मौका
आयोजन के दौरान अलग- अलग स्थानों पर मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग, रैप सिंगिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। जिसमें प्रथम विजेता एक लाख रुपए तक का पुरस्कार जीत सकता है, इसी तरह दूसरे स्थान का विजेता 50 हजार, तीसरे स्थान का विजेता 25 हजार रुपए का पुरस्कार जीत सकता है, इसके साथ ही पांच- पांच हजार के 10 सांत्वना सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

पांडवाज, अमित त्रिवेदी जमाएंगे रंग
प्रतियोगिता का उद्घाटन छह मार्च को कोटी कॉलोनी में होगा। कोटी कॉलोनी में ही फूड फेस्टिवल, मिस्टर एंड मिस टिहरी, मास्टर शेफ, वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवन गाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी होगी। कोटी कॉलोनी में छह मार्च को पांडवाज बैंड और सात मार्च गो अमित त्रिवेदी की भी प्रस्तुति होंगी।

एडवेंचर टूरिज्म का पावर पैक
टिहरी जिले के दूरस्थ ब्लॉक प्रतापनगर में भी आयोजन के दौरान कई कार्यक्रम होंगे, इसमें सात मार्च को माजफ – पीडी ट्रैक और आठ मार्च को थात- खैट पर्वत ट्रैक शामिल है। इसी तरह घनसाली में बासल ताल ट्रैक का आयोजन किया जा रहा है। वहीं नरेंद्र नगर ब्लॉक में आठ मार्च को ब्रहमपुरी से खारास्रोत तक गंगा में राफ्टिंग, धनोल्टी क्षेत्र के अंतर्गत सुआखोली से देवलसारी तक एमटीबी राइड शामिल है।

देवप्रयाग- आध्यात्म और योग का मेल
टिहरी लेक फेस्टिवल के प्रतिभागियों को देवप्रयाग स्थित प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर के दर्शन, संगम पर गंगा आरती के साथ ही योगाभ्यास का भी अवसर मिलेगा। देवप्रयाग में ही प्रतिभागियों को ऐतिहासिक वेदशाला का भी दौरा कराया जाएगा।।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button