पुलिस मुठभेड़ में रेशमबाड़ी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड: 28 Nov. 2026, उत्तराखंड (कुमाऊँ) में ऊधमसिंहनगर। रेशमबाड़ी हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25 वर्ष), पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, कोतवाली रुद्रपुर के रूप में हुई है। रेशमबाड़ी हत्याकांड के बाद से ही वह फरार चल रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
शनिवार सुबह पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की टीम ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस इस मामले में बड़ी सफलता मान रही है। फिलहाल आरोपी का उपचार जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



