
उत्तराखंड: 28 Nov. 2026, उत्तराखंड में देहरादून / उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला अब वन विभाग तक पहुंच गया है। शिक्षा विभाग के बाद वन विभाग में भी वन दरोगा, वन आरक्षी और डिप्टी रेंजर की नियुक्तियों को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। शिकायतों के बढ़ते दायरे को देखते हुए विभाग ने संबंधित कार्मिकों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। कुछ मामलों में नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि अन्य प्रकरणों में कार्रवाई की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार, वन विभाग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करने की शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। विभाग की ओर से एक वन आरक्षी को नोटिस जारी किया जा चुका है। वहीं, एक डिप्टी रेंजर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसके अतिरिक्त दो वन दरोगाओं के खिलाफ भी शिकायतें विभाग को प्राप्त हुई हैं। इनमें से एक वन दरोगा के संबंध में हाल ही में हरिद्वार से शिकायत मिली है। विभाग इस मामले में जल्द निर्णय ले सकता है। एक अन्य वन आरक्षी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। शिकायतों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता से संबंधित दस्तावेजों में अनियमितता और सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लिए गलत शपथपत्र प्रस्तुत करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन शिकायतों के बाद नियुक्ति के समय जमा किए गए शैक्षिक प्रमाणपत्रों के साथ ही आरक्षण का लाभ लेने के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन विकास) के स्तर पर इन प्रकरणों को गंभीरता से लिया जा रहा है। विभागीय स्तर पर शिकायतों की जांच और संबंधित कार्मिकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में भी फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। जांच के बाद कई शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की गई हैं। अब वन विभाग में मिल रही शिकायतों ने सरकारी नियुक्तियों के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नियुक्ति के समय प्रमाणपत्रों का विधिवत सत्यापन किया गया था तो कथित अनियमितताएं कैसे सामने आईं? वहीं, जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के साथ-साथ सत्यापन प्रक्रिया में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करना जरूरी होगा।



