उत्तराखंड: 15 Nov. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित उत्तराखंड में सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल राज्य स्तर से लेकर तहसील स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित की जाएगी तथा लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। राज्य में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर एक साथ मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को स्मरण करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में 25 नवंबर से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को राज्य के सभी जनपदों में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न आपदा परिदृश्यों पर संबंधित विभागों द्वारा अपनी-अपनी भूमिका, संसाधनों, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव कार्यों तथा समन्वय का अभ्यास किया जाएगा।
श्री सुमन ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान उत्तराखण्ड की भौगोलिक एवं आपदा संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड, बादल फटना, अचानक बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदी में जलस्तर बढ़ने एवं बाढ़ की स्थिति, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क दुर्घटना एवं बड़े पैमाने पर यात्रियों के फंसने, हेली इमरजेंसी लैंडिंग, भवन ढहने, औद्योगिक दुर्घटना, आगजनी, डैम/जलाशय से आकस्मिक जल प्रवाह, विद्युत दुर्घटना, रासायनिक दुर्घटना तथा भीड़भाड़ वाले स्थान पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों को आधार बनाकर अभ्यास किया जाएगा।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मॉक ड्रिल को पूरी गंभीरता के साथ आयोजित किया जाए और इसमें एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, नगर निकायों, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, एनसीसी, एनएसएस, आपदा मित्र, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
श्री सुमन ने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने यह सिद्ध किया है कि कठिन से कठिन आपदा परिस्थितियों में भी मजबूत समन्वय, आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और टीमवर्क के माध्यम से जीवन बचाया जा सकता है। 28 नवंबर की मॉक ड्रिल इसी सीख को व्यापक स्तर पर व्यवहार में उतारने का अवसर है, ताकि राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था और अधिक सक्षम, तत्पर एवं प्रभावी बन सके।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का व्यापक उद्देश्य आपदा से पहले तैयारी, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद प्रभावी पुनर्बहाली की संस्कृति को मजबूत करना है।
राहत शिविरों की व्यवस्थाओं को परखा जाएगा
मॉक अभ्यास के दौरान राहत शिविरों की स्थापना का अभ्यास भी किया जाएगा।
सामुदायिक सहभागिता पर रहेगा फोकस
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मॉक ड्रिल में सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
आपदा प्रबंधन उपकरणों की प्रदर्शनी लगेगी
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों द्वारा उपकरणों एवं संसाधनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा उनके संचालन का अभ्यास भी किया जाएगा।
सरकारी कार्यालयों में आपदा सुरक्षा की होगी समीक्षा
आपदा प्रबंधन दिवस को लेकर राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में संभावित आपदाओं और खतरों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं
विद्यालयों में मॉक ड्रिल तथा प्रतियोगिताएं होंगी
शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 25 से 27 नवम्बर के मध्य 100 से अधिक विद्यार्थियों वाले विद्यालयों में सुविधानुसार एक दिवसीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाए।
विकासखंड स्तर पर बीडीसी बैठक और जनजागरूकता अभियान
प्रत्येक विकासखंड में 25 से 27 नवम्बर के मध्य क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित कर उन्हें आपदा जोखिम कम करने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।