उत्तराखंडदेहरादूनस्पोर्ट्स

खेलों में लव सदन का दबदबा, प्रहलाद सदन बना सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट का विजेता

Spread the love

 ऋषिकेश- ऋषिकेश, निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए), खैरी कलां में आयोजित 14वीं अंतरसदनीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं कला-शिल्प प्रदर्शनी का गुरुवार को हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लव सदन ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट का खिताब प्रहलाद सदन ने हासिल किया।

यह आयोजन विद्यालय के संस्थापक परम पूज्य महंत बाबा राम सिंह जी महाराज की कृपा एवं संरक्षक संत बाबा जोध सिंह जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री मनदीप सिंह ग्रेवाल (महासचिव, बास्केटबॉल एसोसिएशन उत्तराखंड), विशिष्ट अतिथि श्री अरुण सिंह (नेशनल कोच, इंडिया पैराशूटिंग टीम एवं फाउंडर डायरेक्टर, बुल्स आई शूटिंग अकादमी) तथा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं पैरा नेशनल अवॉर्डी साक्षी चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ चारों सदनों—प्रहलाद, श्रवण, लव एवं कुश के आकर्षक मार्च पास्ट एवं मुख्य अतिथि को सलामी देने के साथ हुआ। विद्यालय के खेल कप्तान दिव्यांशु नौटियाल एवं गायत्री सिकदर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित की। इसके पश्चात चारों सदनों के क्रीड़ा प्रमुखों के साथ मशाल लेकर ट्रैक का चक्कर लगाया गया और निर्धारित स्थल पर उसे स्थापित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा के साथ रंग-बिरंगे गुब्बारों की उड़ान ने समारोह को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने शबद कीर्तन, ‘राम आएंगे’ भजन पर आकर्षक क्लैप पीटी, गणेश नृत्य, दीपावली थीम पर हुलाहूप नृत्य, शिव स्तुति पर आधारित योग प्रदर्शन तथा कराटे एवं मार्शल आर्ट की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति, शारीरिक स्वास्थ्य एवं आत्मरक्षा का सुंदर संदेश दिया और उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

खेल प्रमुख दिनेश पैन्यूली ने अवगत कराया की, खेल प्रतियोगिताओं में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 100, 200, 400, 800 एवं 1600 मीटर दौड़, 4×200 मीटर रिले रेस, साइकिल रेस, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, लंबी कूद एवं ऊंची कूद सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। वहीं, प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए आकर्षक फन रेस आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण टग ऑफ वार रहा, जिसमें वरिष्ठ बालिका वर्ग में लव सदन तथा बालक वर्ग में श्रवण सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

सर्वश्रेष्ठ एथलीट सम्मान के अंतर्गत वरिष्ठ बालिका वर्ग में प्रहलाद सदन की जाह्नवी कुमारी, वरिष्ठ बालक वर्ग में कुश सदन के दक्ष चौहान, कनिष्ठ बालिका वर्ग में प्रहलाद सदन की प्रांशी तथा कनिष्ठ बालक वर्ग में अंश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट ट्रॉफी प्रहलाद सदन के नाम रही, जबकि लव सदन ने ओवरऑल चैंपियन बनकर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कला एवं शिल्प प्रदर्शनी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं परिश्रम की मुक्तकंठ से सराहना की। इसके अतिरिक्त अध्यापिकाओं की साइकिल रेस ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस स्पर्धा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि श्री मनदीप सिंह ग्रेवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि श्री अरुण सिंह एवं साक्षी चौहान ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। असफलता से निराश होने के बजाय खिलाड़ियों को अपनी कमियों से सीख लेकर और अधिक परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर परम पूज्य महाराज जी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को सिरोपा, स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के क्रीड़ा विभागाध्यक्ष श्री दिनेश पैन्यूली, कार्यालय प्रमुख श्री विनोद बिजल्वाण, विद्यालय समन्वयक श्री सोहन सिंह कैंतुरा, शिक्षिका सुश्री सरबजीत कौर, क्रीड़ा शिक्षिका श्रीमती पूनम चौहान, मंच संचालक श्रीमती ज्योति पंवार एवं श्री अमित राणा, संगीत विभाग से सरदार गुरजिंदर सिंह, श्रीमती दीपमाला कोठियाल एवं श्री प्रदीप जी, योग शिक्षिका श्रीमती रजनी श्रीकोटि, कला शिक्षिका श्रीमती पूजा भारती तथा सिविल विभाग से श्री कुलदीप सिंह रावत को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सिरोपा प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट इंचार्ज सरदार शमशेर सिंह तथा विद्यालय के पूर्व छात्र हर्षप्रीत सिंह एवं वंशिका कंडवाल को कार्यक्रम में विशेष सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, श्री ललित कुमार, श्री रविंद्र सिंह एवं श्री अनिरुद्ध को भी उनके सराहनीय सहयोग एवं सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा ने अपने स्वागत उद्बोधन में विद्यालय की उपलब्धियों से अतिथियों एवं अभिभावकों को अवगत कराया तथा सभी का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाध्यापिका श्रीमती अमृतपाल डंग ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्रीड़ा विभागाध्यक्ष श्री दिनेश पैन्यूली सहित सभी विभागाध्यक्षों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष योगदान की सराहना करते हुए विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन श्रीमती ज्योति पंवार एवं श्री अमित राणा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर श्री मंजीत सिंह (पूर्व मैनेजर, पीएसबी श्यामपुर), श्री अजय शर्मा (जनरल मैनेजर, एनईआई), श्रीमती ललिता कृष्णास्वामी (प्रधानाचार्या, एनडीएस), श्रीमती नीरू अरोड़ा (हेडमिस्ट्रेस), श्री ओम प्रकाश गुप्ता (हॉकी कोच), पूर्व वायुसेना अधिकारी श्री डी.पी. रतूड़ी, श्री चमन पोखरियाल, श्रीमती कल्पना बलोदी, आरती, श्री कुलभूषण सिंह, श्री नरेंद्र सिंह, हरविंदर सिंह, बॉबी, सरदार निर्मल सिंह, गौरव त्रिपाठी, विनोद कुमार, निर्मला रावत सहित अनेक गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button