उत्तराखंडदेहरादूनरोजगार

कार्यरत कार्मिकों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन सहित उपनल से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर चर्चा

Spread the love

उत्तराखंड: 22 Sep. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित उत्तराखंड राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से  उपनल के प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जे.एन.एस. बिष्ट (अ.प्रा.) ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने उपनल के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन सहित उपनल से सम्बन्धित विभिन्न विषयों की जानकारी ली।

प्रबंध निदेशक ने राज्यपाल को बताया कि उपनल कार्मिकों के नियमितीकरण के संबंध में शासन स्तर पर कार्यवाही गतिमान है। उन्होंने बताया कि उपनल को भवन निर्माण के लिए सैन्यधाम में आवंटित भूमि में भवन निर्माण के लिए ब्रिडकुल, देहरादून को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। उपनल द्वारा प्रस्तावित नेट जीरो ग्रीन ऑफिस बिल्डिंग के निर्माण संबंधी प्रस्ताव पर ब्रिडकुल द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उपनल द्वारा प्रवासी जनशक्ति भर्ती एजेंसी के संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित किया गया है। एजेंसी के लाइसेंस निर्गत किए जाने के संबंध में भारत सरकार स्तर पर कार्यवाही गतिमान है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने उपनल के प्रस्तावित भवन को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल एवं ऊर्जा दक्ष बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ’’नेट जीरो ग्रीन ऑफिस बिल्डिंग की अवधारणा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के अनुरूप है।’’ राज्यपाल ने प्रवासी जनशक्ति भर्ती एजेंसी के संबंध में कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं को देश और विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शी एवं विश्वसनीय व्यवस्था महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित नियमों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए, ताकि युवाओं को सुरक्षित और बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button