
उत्तराखंड: 03 Sep. 2026, देहरादून / राजधानी को पर्यावरण संरक्षण और शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में देहरादून जनपद के जिला प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
देहरादून जनपद जिला प्रशासन की ओर से प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को भी सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया जा रहा है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से बचकर और उसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाकर आमजन स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त देहरादून के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।



