उत्तराखंडत्योहार/दिवसदेहरादून

13-14 Sep. हनोल मेला पारंपरिक जागर को होंगे,डीएम ने दिए निर्देश

Spread the love

उत्तराखंड: 03 Sep. 2026, देहरादून / राजधानी  चकराता जौसार बाबर क्षेत्र में  जनपद के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केन्द्र श्री महासू देवता मंदिर, हनोल में आयोजित होने वाले जागरा मेला-2026 को इस वर्ष विशेष रूप से भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा। मेले का आयोजन वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल की तर्ज पर किए जाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां प्रारम्भ कर दी गई हैं।

इस दौरान देहरादून जनपद के डीएम डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में आज ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट देहरादून में श्री महासू देवता मंदिर, हनोल में आयोजित होने वाले जागरा मेला-2026 की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।आगामी 13 एवं 14 सितम्बर 2026 को हनोल में जागरा मेले का आयोजन किया जाएगा। 13 सितम्बर की रात्रि को पारंपरिक जागर कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 14 सितम्बर को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि हनोल मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक मेले में पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता एवं समन्वय के साथ करें। उन्होंने मेले को वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल की तर्ज पर आकर्षक, व्यवस्थित एवं यादगार स्वरूप देने के निर्देश दिए।

इस दौरान देहरादून जनपद के डीएम  ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हनोल मेला क्षेत्र तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर लिया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि मेला स्थल पर समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहे तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावी चिकित्सा व्यवस्था बनाए रखी जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूर्ण करें। विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मेला आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए।

इस दौरान  बैठक में देहरादून जनपद के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविन्द्र जुवांठा, उप जिलाधिकारी चकराता प्रेमलाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर विवेक सिंह कुटियाल, सदर स्याणा चमन सिंह, वरिष्ठ सदस्य चंदन राजगुरू, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, जल संस्थान, जिला पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
—0—

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button